8 जनवरी से ग्वालियर-प्रयागराज के बीच दौड़ेगी वीकली स्पेशल, झांसी मंडल ने तैयार की स्ट्राइक फोर्स
ग्वालियर. संगम की रेत पर शुरू हुए माघ मेले में आस्था की डुबकी लगाने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने इंतजाम किए हैं। झांसी मंडल ने अनुमान लगाया है कि मेले के दौरान ग्वालियर से प्रतिदिन औसतन 8 हजार और झांसी से 10 हजार यात्री प्रयागराज की ओर रुख करेंगे। विशेष स्नान (शाही स्नान) के दिनों में यह संख्या और भी बढ़ सकती है। यात्रियों के इस भारी दबाव को देखते हुए रेलवे ने डिमांड आधारित स्पेशल ट्रेनें चलाने की रणनीति तैयार की है, ताकि किसी भी स्टेशन पर भगदड़ या परेशानी की स्थिति न बने।
स्टेशन पर खड़े रहेंगे रैक, भीड़ बढ़ते ही ट्रेनों में लगाए जाएंगे
प्रयागराज के लिए यात्रियों की संख्या बढ़ते ही रेलवे तत्काल स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इसके लिए झांसी मंडल ने कुल 12 रैक (ट्रेनों के डिब्बे) रिजर्व रखे हैं।
ग्वालियर के लिए: 3 विशेष रैक तैयार खड़े किए गए हैं।
झांसी के लिए: 3 रैक रिजर्व हैं।
ये सभी रैक अनारक्षित (जनरल) होंगे। जैसे ही स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी, डिमांड भेजकर इन ट्रेनों को प्लेटफार्म पर लगा दिया जाएगा। ये ट्रेनें मुख्य स्नान पर्वों से एक दिन पहले शुरू होकर तीन दिन तक संचालित होंगी।
रेलवे की सलाह: यात्रा से पहले रखें ध्यान
विशेष स्नान के दिनों में अनारक्षित डिब्बों में भारी भीड़ हो सकती है, अत: समय से पहले स्टेशन पहुंचें।
रेलवे की आधिकारिक एप ‘यूटीएस के जरिए भी आप जनरल टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे लंबी लाइनों से बचा जा सके। प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद वापसी की ट्रेनों की स्थिति भी पहले से पता कर लें।

