बेहतर यातायात के लिए एसएसपी ने ली यातायात के अधिकारियों की समीक्षा बैठक
ग्वालियर, . सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग से न केवल ड्यूटी के दौरान यातायात कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि यातायात नियमों के पालन में पारदर्शिता एवं दक्षता भी आती है। इसलिए यातायात के सभी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी के दौरान लगातार बॉडी वॉर्न कैमरा लगाकर रखेंगे।
बैठक में माह जनवरी से अप्रैल 2026 तक की गई चालानी कार्यवाही का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को कार्य में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पीओएस मशीनों की उपलब्धता एवं उनमें ऑनलाइन भुगतान सुविधा की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान यातायात के तीनों थानों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपलब्धता का आंकलन करते हुए जिन थानों में पुलिस बल की कमी पाई गई, वहां शीघ्र अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने का आश्वासन भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया। बैठक में उन्होने कहा कि चालानी कार्यवाही के दौरान संयम, शालीनता एवं संवेदनशीलता बनाए रखते हुए कार्यवाही की जाए। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट वाहन, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

