5मांगों को लेकर हुंडी ठगी कांड के खिलाफ 11 मार्च को बंद रहेगा ग्वालियर का कारोबार
ग्वालियर. युवा उद्यमी हर्षिल साहनी को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वालों सहित हुण्डी ठग आशु गुप्ता के परिजन और संरक्षणदाताओं की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन की रूपरेखा बनाने के लिए शनिवार की शाम मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित शहर के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने चर्चा में सर्वसम्मति से कहा कि हुण्डी ठग आशु गुप्ता, उनके परिजन एवं उनके संरक्षणदाताओं के खिलाफ निर्णायक आंदोलन किया जाए ताकि फिर कभी किसी व्यापारी के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो। बैठक में आंदोलन के संचालन के लिए संघर्ष समिति का गठन किया गया। संघर्ष समिति का संयोजक चैंबर के मानसेवी सचिव डॉ.प्रवीण अग्रवाल तथा सहसंयोजक वसंत अग्रवाल व शहर के समस्त व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि इस समिति के सदस्य रहेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 मार्च को ग्वालियर का समस्त कारोबार बंद रहेगा। बंद को सफल बनाने तथा व्यापारियों से जनसमर्थन जुटाने के लिए बाजारों में बैठकें तथा धरना प्रदर्शन किया जायेगा। शहर के प्रमुख स्थानों पर हुण्डी ठगी कांड के बड़े-बड़े पोस्टर/बैनर लगाये जायेंगे तथा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर काले झण्डे लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बैठक में अध्यक्ष विजय गोयल, उपाध्यक्ष पारस जैन सहित सुरेश बंसल, डॉ.प्रकाश अग्रवाल, जगदीश मित्तल, ओमप्रकाश अग्रवाल, गोकुल बंसल, मनीष बांदिल, दिलीप पंजवानी, धर्मेन्द्र कुमार गोयल, दीपक पमनानी, माधव अग्रवाल, राकेश लहारिया, अश्विनी कुमार सोमानी आदि मौजूद थे।
इन मांगों के साथ होगा आंदोलन
आशु गुप्ता एवं उनके परिजन तथा उन्हें संरक्षण देने वालों को गिरफ्तार किया जाए।
आशु गुप्ता एवं उनके परिजन तथा उन्हें संरक्षण देने वालों की सम्पत्ति राजसात की जाये तथा राजसात सम्पत्ति की वसूली राशि को पीडि़त व्यापारियों को दी जाए।
युवा उद्यमी हर्षिल साहनी को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वालों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए।
एमसीएक्स एवं एमसीडीएक्स की आड़ में नंबर 2 के डिब्बे/सट्टा को पुलिस प्रशासन बंद कराए।
अगर कोई हुण्डी अथवा व्यापारिक लेन-देन का दोषी है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर करके कार्यवाही की जाये।

