दो मकानों से 17 लाख की ज्वेलरी -नगदी की चोरी
ग्वालियर. शहर में दिनों चोरों का खौंफ थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। बेखौफ बदमाशों ने थाटीपुर और महाराजपुर थाना इलाके में 2 सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रूपये की नगदी और बेशकीमती ज्वेलरी पार कर दी। थाटीपुर इलाके के सुरेक्षनगर स्थित सरकारी मल्टी में चोरों ने एक सूने मकान के ताले चटकाते हुए लगभग 15 लाख रूपये सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी के वक्त पीडि़त परिवार साली के बेटे के कार्यक्रम में गये थे। सोमवार की सुबह परिवार लौटा तो चोरी का पता चला। घटना ठाठीपुर के सुरेशनगर स्थित सरकारी मल्टी की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे तलाशना शुरू कर दिये है।
क्या है मामला
थाटीपुर थाना क्षेत्र की सरकारी मल्टी (सुरेश नगर) निवासी रानी वर्मा पत्नी कैलाश वर्मा परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रहती हैं, जबकि तीसरी मंजिल पर उनका बेटा विजय वर्मा अपनी पत्नी सिमरन के साथ रहता है। दो दिन पहले विजय की साली को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी।
रविवार को झांसी में साली का बच्चे के साथ घर में गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। शनिवार दोपहर विजय अपनी पत्नी के साथ झांसी चला गया था और नीचे रहने वाली मां रानी को घर की देखभाल के लिए बोल गया था। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात खाना खाने के बाद मां ऊपर बेटे के घर की कुंडी जांचना भूल गईं। सोमवार सुबह जब मां ऊपर सफाई करने पहुंचीं तो उनके होश उड़ गए। दरवाजे के ताले टूटे पड़े थे और कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था।
सूने मकान पर धावा 2 लाख रूपये का माल पार
दूसरा मामला महाराजपुरा थाना इलाके स्थित भारत मार्केट आटा मिल के पास का है। यहां रहने वाले पंकज रजक के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि चोरों ने पंकज के घर के ताले चटकाकर अंदर अलमारी से सोने की मनचली, मंगलसूत्र, कान की बाली, चांदी की करधोनी, पायल, बच्ची के चूड़े, बिछिया, ब्रेसलेट और 50 हजार रूपये नगद (कुल कीमती लगभग 2 लाख) के सामान समेट कर ले गये। घटना की भनक लगते ही पीडि़त ने पुलिस को खबर दी। जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।

