ग्वालियर में जमीन खोदकर केबल चोरी करने वाला इंटर स्टेट गैंग पुलिस के हाथ से फिसला, 2 लाख के केबल व ऑटो चालक हिरासत में
ग्वालियर. ग्वालियर में जमीन खोदकर डाली गई फाइबर व ताबे की केबल चोरी करने वाला इंटर स्टेट गैंग पुलिस के हाथ से फिसल गया। पुलिस ने 2 लाख रुपए के केबल से भरी ऑटो और उसके चालक को जरूर हिरासत में लिया है पर पुलिस के आते ही चोर गिरोह के सदस्य भाग निकले। ऑटो चालक से यह पता लगा है कि यह आन्ध्र प्रदेश का गिरोह है। यह गैंग वारदात करने ग्वालियर आते है और यहीं तार बेचकर वापस निकल जाते हैं। गिरोह में 12 से 15 सदस्य होने का पता लगा है। पुलिस अब ऑटो चालक से पूछताछ कर रही है साथ ही बरामद तार की पहचान कर रही है कि यह किस कंपनी का है।
पुलिस ने केबल से भरा हुआ ऑटो पकड़ा
टीआई पड़ाव विवेक अष्ठाना ने बताया कि रविवार की सुबह सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश केबल निकालकर चोरी कर रहे है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक अरूण शर्मा, प्रमोद शर्मा, आरक्षक रंजीत सिलावट, मोहित दुबे, शैलू खन्ना तथा अन्य पुलिस कर्मियों को चोरों को पकड़ने के लिए पहुंचाया। पुलिस को देखते ही चोरी कर रहे युवक तो भाग निकले, लेकिन पुलिस ने केबल से भरा हुआ ऑटो पकड़ लिया। ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि आंध्र प्रदेश से आए करीब डेढ़ दर्जन चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। अब पुलिस इस मामले में ऑटो चालक से गैंग के बारे में विस्तार से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने पूरे शहर में घेराबंदी की
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह आंध्र प्रदेश का चोर गिरोह सिर्फ तार चोरी करले मध्य प्रदेश के चंबल में ही क्यों आता है। इतनी दूर से आकर वारदात को अंजाम देने के पीछे गणित क्या है। फिलहाल पुलिस के हाथ गैंग का एक भी सदस्य नहीं लगा है। पुलिस ने पूरे शहर में घेराबंदी कर दी है।

