रेप विक्टिम ने बेटी को घर से बाहर फेंका: डेढ़ साल की बच्ची को बेलन से पीटा, जमीन पर पटका
उज्जैन. एक रेप विक्टिम ने अपनी डेढ़ साल की बच्ची को उठाकर घर के बाहर फेंक दिया। इससे पहले उसे बेलन से पीटा और जमीन पर पटका। मासूम चीखती रही, लेकिन मां का दिल नहीं पसीजा। इसके बाद उसे एक हाथ उठाकर घर के दरवाजे के बाहर फेंक दिया। मामला उज्जैन शहर से 45 किमी दूर बड़नगर स्थित जूनाशहर का है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
VIDEO के आधार पर चाइल्ड लाइन ने कार्रवाई की है। चाइल्ड लाइन की टीम ने आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि महिला आए दिन अपनी बच्ची को बेरहमी से पीटती है। महिला की करतूत सामने आने पर चाइल्ड लाइन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। TI मनीष मिश्रा ने बताया कि घटना में बच्ची को गंभीर चोट नहीं है। चाइल्ड टीम ने कार्रवाई के बाद बच्ची को मातृछाया संस्था के हवाले किया है। आरोपी को महिला पुलिस के हवाले कर दिया है। मातृ छाया प्रभारी रत्नेश जैन ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।
डेढ़ साल पहले हुआ था दुष्कर्म, गवाही के लिए नहीं आई
महिला थाना प्रभारी रेखा वर्मा ने बताया कि महिला (35 साल) के साथ करीब डेढ़ साल पहले चरक हॉस्पिटल में दुष्कर्म हुआ था। उसे गवाही के लिए बुलाया गया था। हाजिर नहीं होने पर कोर्ट ने उसका गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। बड़नगर पुलिस ने महिला को हमारे हवाले किया, इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया। बयान होने के बाद कोर्ट ने उसे अगली पेशी के लिए पाबंद कर छोड़ दिया है। वह पति के साथ घर चली गई।

