ग्वालियर में झमाझम बारिश, 33.2 मिमी पानी गिरा; सड़कों पर जलभराव ने बढ़ाई मुश्किल
ग्वालियर. ग्वालियर में मंगलवार देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा। रातभर हुई वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। सुबह भी शहर के कई इलाकों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके असर से तापमान में गिरावट आई। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। हवा में नमी 100 प्रतिशत तक पहुंच गई।
लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया
पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों ने बारिश के बाद राहत महसूस की। देर रात तेज बारिश के बाद सुबह मौसम ठंडा रहा। हालांकि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। वाहन चालकों को जलभराव और फिसलन के बीच सावधानी से निकलना पड़ा। सुबह बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही। बारिश के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। कुछ जगह सड़क धंसने और गड्ढे बनने से आवागमन प्रभावित हुआ।
अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में ग्वालियर में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

