आसन नदी में बहे ग्वालियर के 2 युवकों के शव मिले, 20 घंटे चला एसडीआरएफ रेस्क्यू

मुरैना. माता बसैया थाना इलाके में भूमिया मंदिर के पास बुधवार को आसन नदी के तेज बहाव में दो युवकों के शव एसडीआरएफ की टीम बरामद कर लिये। गुरूवार की सुबह पहले ग्वालियर निवासी इरशाद खान का शव मिला था। इसके बाद लगातार चलाये गये रेस्क्यू अभियान में दूसरे युवक अशोक का शव बरामद कर लिया। लगभग 20 घंटे के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
बुधवार को ईद के जुलूस के बाद ग्वालियर से 3 युवक माता बसैया इलाके स्थित आसन नदी पर पहुंचे थे। बुधवार की दोपहर 3.30 बजे इरशाद खान और अशोक नदी में मछली पकड़ने गये थे। इस बीच दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गये। उसके साथ आया तीसरा युवक सुरक्षित बच गया और उसने पुलिस को घटना की खबर दी। खबर मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुची और एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिये बुलाया गया। टीम ने बुधवार की शाम से रात 8.30 बजे तक नदी में दोनों युवकों की तलाश की। लेकिन अंधेरा बढ़ने की वजह से अभियान रोकना पड़ा।
सुबह दोबारा शुरू हुआ रेस्क्यू
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 17 घंटे की तलाश के बाद टीम ने इरशाद खान का शव नदी से बरामद किया। इसके बाद दूसरे युवक अशोक की तलाश जारी रखी गई। लगातार तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने अशोक का शव भी नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

