3 लाख 95 हजार अवैध मादक पदार्थ एवं तस्करी में वाहन जब्त, तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रदेशभर में इस माह के दौरान पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने बड़ी कार्यवाहियाँ की हैं। पुलिस टीमों की सतर्कता और सघन कार्रवाई से कुल लगभग ₹83 लाख 95 हजार रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ एवं तस्करी में लगे वाहन जब्त किए गए हैं तथा अनेक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा यह कार्रवाई प्रदेश में नशा तस्करी की जड़ों को समाप्त करने की दिशा में लगातार चल रहे प्रयासों का परिणाम है।
मंदसौर पुलिस की प्रमुख कार्रवाई
मंदसौर पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाते हुए इस माह कई महत्वपूर्ण कार्यवाहियाँ की हैं। थाना नारायणगढ़ पुलिस ने लक्ज़री कार से मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 286 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी कीमत ₹5,72,000 आंकी गई है, एवं एक कार सहित कुल ₹30,72,000 का मशरुका जप्त किया। इसी प्रकार थाना शामगढ़ पुलिस ने आरोपी प्रहलाद सिंह को गिरफ्तार कर उसकी ब्रेजा कार से 131 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (₹2,62,000) बरामद किया, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग ₹6 लाख आंकी गई। इसके अतिरिक्त पिपलियामंडी पुलिस ने अल्प्राजोलम व डोडाचूरा की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल ₹3.60 लाख मूल्य का अवैध मादक पदार्थ, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन जब्त किया। मंदसौर पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों ने क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को गहरा झटका दिया है
गुना पुलिस की निर्णायक कार्यवाही
गुना जिले की फतेहगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25.8 ग्राम स्मैक (कीमत ₹2.5 लाख) एवं तस्करी में प्रयुक्त बाइक जप्त की। यह आरोपी राजस्थान से स्मैक तस्करी करने आया था। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार हुआ है।

