ऑटो से 3 लाख रूपये की ज्वेलरी चुराने वाली महिला स्टेशन से गिरफ्तार
ग्वालियर. पुरानी छावनी इलाके में ऑटो में सफर कर रही एक महिला के पर्स से लगभग 3 लाख रूपये के सोने की ज्वेलरी चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को मुरैना रेलवे स्टेशन से उस वक्त पकड़ा गया जब वह मंगलवार की देर रात ट्रेन से शहर छोड़कर भागने की तैयारी में थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच गयी। उक्त घटना रविवार की है।
क्या है मामला
बघेल मोहल्ला निवासी खुशबू बघेल अपनी बहन की सगाई से लौटते समय गोला का मंदिर से ऑटो में पुरानी छावनी जा रही थीं। रास्ते में दो महिलाएं एक बच्चे के साथ उसी ऑटो में सवार हुईं। सफर के दौरान एक महिला ने खुशबू को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि दूसरी महिला साहिबा ने उनके बड़े पर्स में रखे छोटे ज्वेलरी पर्स पर हाथ साफ कर दिया। उस पर्स में सोने की झुमकी, दो अंगूठियां और मंगलसूत्र रखा था। वारदात के बाद दोनों महिलाएं जलालपुर चौराहे पर उतरकर फरार हो गईं। घर पहुंचने पर खुशबू को चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरानी छावनी थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाशे। फुटेज के आधार पर संदग्धि महिला की पहचान की गयी। इस बीच सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से भागने के लिये मुरैना रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सहिबा पत्नी आकश पाल निवासी जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके साथ वारदात में शामिल दूसरी महिला व गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही चोरी हुए करीब तीन लाख रुपए के सोने के जेवर बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।

