दतिया उपचुनाव के लिये 291 मतदान केन्द्रों के लिये पोलिंग दल रवाना
दतिया. उपचुनाव दतिया विधानसभा के गुरूवार को होने वाले मतदान से पूर्व जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बुधवार की सुबह शासकीय पोलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों की रवानगी शुरू हुई है। सबसे पहले बसई सेक्टर के मतदान दल रवाना किये गये। अगले डेढ़ के अन्दर जिले के सभी 291 मतदान बूथ के लिये पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गयी है।
मतदान केन्द्रों पर सीआरपीएफ जवानों की तैनाती
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया है कि सभी मतदान केन्द्रों और संबंधित गांवों में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान पहले ही पहुंच चुके हैं। मतदान से पहले हर गांव में फ्लैग मार्च निकाला जायेगा। ताकि मतदाताओं की सुरक्षा और विश्वास का माहौल बने। इससे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील
कलेक्टर ने मतदाताओं से अपील की कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाएगा। सभी मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में स्वतंत्र रूप से मतदान करें।
इस दौरान मतदान केंद्र क्रमांक 271 (मानिकपुर-बसई), 287 (उर्दना-बसई) और 288 (कंधारी-बसई) के मतदान दल भी रवाना किए गए। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान सामग्री का वितरण सुचारु रूप से जारी रहा। मतदान दलों के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

