LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर के लिए राहत भरी खबर, सिर्फ 24 घंटे में 3.3 फीट बढ़ा तिघरा बांध का जलस्तर

ग्वालियर. जल संकट की दहलीज पर बैठे ग्वालियर को शनिवार को अच्ची खबर मिली, अपर ककैटो, ककैटो, पेहसारी के साथ ही घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया में हुई वर्षा के चलते तिघरा बांध में पानी की आवक तेज हुई और सिर्फ 24 घंटो के अंदर बांध का जल स्तर 3.3 फीट बढकर 733.40 फीट पर पहुंच गया। शुक्रवार की शाम तक बांध का जल स्तर 730.10 फीट पर था। 24 घंटे के अंदर बांध में लगभग 80 दिन की आपूर्ति लायक पानी आ चुका है और कुल जल संग्रहण क्षमता में वृद्धि के साथ ही एक दिन छोडकर आपूर्ति के लिए अगले साल तक का पानी उपलब्ध होने की उम्मीद मजबूत हो गई है। जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी भी अप स्ट्रीम के बांधों से पानी की आवक बनी हुई है। ऐसे में संभावना है कि रविवार को बांध का जल स्तर 735 फीट के पार पहुंच जाए।
झमाझम बारिश से बदली बांधों की तस्वीर
अंचल में लगातार हो रही झमाझम वर्षा ने बांधों की तस्वीर बदल दी है। बीते 24 घंटे में हुई तेज वर्षा से अपर ककैटो, ककैटा और पेहसारी बांध लबालब भरकर ओवरफ्लो हो गए। हालात को देखते हुए तीनों बांधों से लगातार पानी छोडा गया है। जल संसाधन विभाग ने बांधों के जल स्तर पर निगरानी बढाते हुए पानी की निकासी और लेवल मेंटेन करने की प्रक्रिया शुरू की।
शनिवार की रात साढ़े आठ बजे तक अपर ककैटो के चार गेट खोलकर पानी ककैटो बांध की ओर छोड़ा गया। साढ़े आठ बजे के बाद गेट बंद कर दिए गए। इसके अलावा पेहसारी बांध के वेस्ट वियर से भी पानी छोड़ा गया। इसके चलते शनिवार रात आठ बजे तक तिघरा बांध का जल स्तर 3.3 फीट बढ़कर 733.40 फीट पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *