ग्वालियर मास्टर प्लान 2035, चौड़ी होंगी सड़कें, बदलेगा शहर का नक्शा
ग्वालियर. संकरी गलियों और ट्रैफिक जाम की समस्या अब धीरे-धीरे इतिहास बन रही है। मास्टर प्लान 2035 सिर्फ एक नक्शा नहीं, बल्कि ग्वालियर के भविष्य का पूरा ब्लूप्रिंट है। इसके तहत शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से शुरू हो चुका है। अतिक्रमण हटाकर रास्ते साफ किए जा रहे हैं, जिससे व्यवस्थित कॉलोनियां, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक शहर की नींव पड़ रही है। शहर के कई व्यस्त मार्गों पर काम जोरों पर है। प्रमुख सड़कें चौड़ी हो रही हैं, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और आवागमन आसान बनेगा।
पार्किंग की कमी दूर करने के लिए बड़े प्लान तैयार
शहर में पार्किंग की कमी दूर करने के लिए बड़े प्लान तैयार हैं। मास्टर प्लान-2035 के तहत निगम सीमा क्षेत्र में कटोरताल, महाराज बाड़ा मल्टी पार्किंग, सिटी सेंटर, जयेंद्रगंज और एमएलबी कॉलेज के आसपास मल्टी-लेवल और पर्याप्त पार्किंग स्पेस बनाए जाएंगे।
सभी भवन तय मानकों के अनुसार बनेंगे
मनमर्जी से निर्माण पर रोक लग जाएगी। सभी भवन तय मानकों के अनुसार बनेंगे। परिणामस्वरूप शहर में मकान एक सीध में व्यवस्थित दिखाई देंगे और अव्यवस्थित निर्माण की समस्या खत्म हो जाएगी।
नगर निगम की स्कीम
केंद्र और राज्य सरकार की विशेष योजनाओं के तहत शहर की सभी प्रमुख सड़कें चौड़ी की जाएंगी। जोनल प्लान और मेट्रोपॉलिटन प्लान लागू होने से भी सड़क चौड़ीकरण को गति मिलेगी। फिलहाल 500 करोड़ रुपये की लागत से तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण का काम होगा।

