ग्वालियर में 2 सितंबर को किसान समागम, CM आएंगे, भव्य मंच हो रहा तैयार
ग्वालियर. ग्वालियर मेला मैदान में 2 सितंबर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय किसान समागम और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार-मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत की अध्यक्षता में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी,,ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव और अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मेला ग्राउंड कार्यक्रम स्थल पर कल के आयोजन के लिए तीन बड़े पंडाल लगाए हैं, पंडाल के अंदर ग्वालियर चंबल संभाग और अन्य जिलों से आने वाले किसानों के लिए करीब 5 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। पंडाल के अंदर जलपान की व्यवस्था रखी गई है इसके साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए शेयर भर में भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात को देखते हुए कई रूटों को डायवर्ट किया गया है जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा ना हो।

बैठक में तैयारियों को लेकर प्रमुख निर्देश दिए
सुगम प्रवेश और पेयजल: सीईओ रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान व हितग्राही बिना किसी असुविधा के अपने निर्धारित सेक्टर तक पहुंच सकें। हर सेक्टर में स्वच्छ पेयजल के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं।
विशेष सर्विस काउंटर: कार्यक्रम स्थल पर आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड बनाने के लिए अलग से विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन भी मौके पर ही भरवाए जाएंगे।
कृषि प्रदर्शनी का ले-आउट: खेती-किसानी और सहकारिता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के लिए अलग सेक्टर बनाया जा रहा है। इसका ढांचा इस तरह तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे किसान आसानी से भ्रमण कर सकें।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने उप संचालक (पशु चिकित्सा) को गौवंश को लंपी वायरस से बचाने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जाए और जिन गायों में संक्रमण के लक्षण दिखें, उन्हें तुरंत अलग (आइसोलेट) कर उचित इलाज की व्यवस्था की जाए।

