2 एफ-18 फायटर जेट्स विमान क्रैश, प्लेन बने आग का गोला

नई दिल्ली. अमेरिका के माउंटेन होम एयरफोर्स बेस में आयोजित एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जब 2 अमेरिकी ईए-18जी ग्राउलर लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गये। हादसे के बाद एयरबेस को तत्काल लॉकडाउन कर दिया और इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। एयर शो के दौरान आसमान में हुई इस भीषण टक्कर के बाद विमानों के परखच्चे उड़ गये। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह घटना रविवार की दोपहर लगीाग 12.30 बजे (स्थानीय समय) की है। जिसके तत्काल बाद घटनास्थल से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार इस हादसे का शिकार हुए विमान अमेरिकी नौसेना/वायुसेना द्वारा उपयोग किये जाने वाले दो ईए-18जी ग्राउलर फायटर जेट्स थे। जो एफ-18 हॉरनेट का ही एक उन्नत इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर वेरिएंिट है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जेट एयरबेस से लगभग 2 मील दूर जा गिरे। फिलहाल आपातकालीन दल घटनास्थल पर मौजूद है। हादसे की जांच शुरू कर दी गयी है।
हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें…



EA-18G की कीमत 550-600 करोड़ रुपए
अमेरिकी रक्षा कंपनी बोइंग के मुताबिक, EA-18G ग्रोलर अमेरिकी नौसेना का एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर एयरक्राफ्ट है, जो F/A-18 सुपर हॉर्नेट के आधार पर बना है। अलग-अलग कॉन्फिगरेशन के हिसाब से इसकी कीमत करीब 65-70 मिलियन डॉलर (करीब 550-600 करोड़ रुपए) मानी जाती है। इसमें 2 पायलट होते हैं। एक विमान उड़ाता है और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम संभालता है। इसका इस्तेमाल दुश्मन के रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम और एयर डिफेंस को जाम करने के लिए किया जाता है। युद्ध के दौरान यह दूसरे फाइटर जेट्स को सुरक्षा देता है, ताकि वे दुश्मन के इलाके में आसानी से हमला कर सकें। इसकी अधिकतम स्पीड 1.8 मैक यानी ध्वनि की गति से 1.8 गुना ज्यादा है। इसकी रेंज 2300 किमी है। ऑस्ट्रेलिया ने भी अमेरिका से ये फाइटर जेट खरीदे हैं।
गनफाइटर स्काइज एयर शो 8 साल बाद हो रहा था। सैन्य विमानों के प्रदर्शन और एरियल डेमोंस्ट्रेशन देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। इसकी तैयारी करीब 2 साल से चल रही थी।इस हादसे ने माउंटेन होम एयर शो के पुराने हादसों की याद भी ताजा कर दी। 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर पायलट रनवे पर क्रैश में मारा गया था। 2003 में भी एयर शो के दौरान थंडरबर्ड्स का एक जेट क्रैश हुआ था, हालांकि पायलट बच गया था।

