ग्वालियर ट्रांसपोर्ट नगर में निगम की कार्रवाई के निर्देश, नाले से हटेगा अतिक्रमण
ग्वालियर. नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और जलभराव की समस्या का जायजा लिया। निरीक्षण में नाले पर अतिक्रमण पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को पानी के बहाव में बाधा बन रहे सभी अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के प्रवेश द्वार के पास सड़क पर बने गड्ढे को भी तुरंत ठीक करने के आदेश दिए।

दुकानदारों की शिकायतें के बाद आयुक्त ने निरीक्षण किया
निगमायुक्त संघ प्रिय को दुकानदारों ने उन्हें बताया कि वार्ड क्रमांक-1 से आने वाले नाले का पानी ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों पर भर जाता है। बारिश के बाद यहां लंबे समय तक पानी और कीचड़ जमा रहने से दुकानदारों तथा वाहन चालकों को असुविधा होती है। दुकानदारों की शिकायतें सुनने के बाद आयुक्त ने नाले के बहाव का निरीक्षण किया, जहां पानी के रास्ते में अतिक्रमण मिला। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को इस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान, ट्रांसपोर्ट नगर के प्रवेश द्वार के पास सड़क पर बने गड्ढे को देखकर भी निगमायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गड्ढे को जल्द भरकर सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि भारी वाहनों के आवागमन में बाधा न आए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली और ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए
निरीक्षण के समय, श्रीराम धर्म कांटे के परिसर से मोटर के माध्यम से पानी सड़क पर बहाया जा रहा था। इस पर निगमायुक्त ने आपत्ति जताई और मौके पर ही मोटर जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निजी परिसर का पानी सड़क पर बहाकर यातायात व्यवस्था और आम लोगों के लिए परेशानी उत्पन्न न की जाए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रांसपोर्ट नगर में जल निकासी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत प्रदान करना है।

