दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की जीत का भरोसा, नीट पेपरलीक के दोषियों को मिलेगी सख्त सजा -ज्योतिरादित्य सिंधिया
दतिया. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर‘-दतिया के एक दिवसीय दौरे के बीच में दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया है। इस बीच उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिये पहुंचे सिंधिया ने कहा है कि बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा है कि यह चुनाव विकास का चुनाव है। केन्द्र व राज्य की डबल इंजन सरकार दतिया के सर्वांगीण विकास के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विद्यार्थियों के भविष्य खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपरलीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने कहा है कि विद्यार्थी देश का भविष्य है। उनकी मेहनत के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा है कि जैसे ही अनियमितताओं की जानकारी सामने आयी है। पीएम नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर तुरंत कार्यवाही शुरू की गयी है। केन्द्र सरकार इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कठोर कदम उठा रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी त्वरित सुनवाई
सिंधिया ने बताया कि इस मामले में कैबिनेट में एक विधेयक लाया जा रहा है, जिसके तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इससे पेपर लीक जैसे मामलों की शीघ्र सुनवाई होगी और दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

