नरवर किले की तोप के लिये राजस्थान के करौली शिवपुरी पुलिस की दविश, करौली और शिवपुरी की ज्वांइट सर्च ऑपरेशन

शिवपुरी. नरवर किले से चोरी हुई 400 वर्षो पुरानी ऐतिहासिक तोप की तलाश अब राजस्थान के करौली जिले तक पहुंच गयी है। शिवपुरी-राजस्थान पुलिस संयुक्त रूप से तलाश्ी अभियान चलाया गया है। आशंका है कि साढ़े तीन टन वजनी यह तोप करौली जिले के जंगलों में छिपाई गयी है। इसी इनपुट के आधार पर बुधवार को करौली के गांवड़ा मीणा और आसपास के इलाकों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। तलाशी अभियान में शिवपुरी के नरवर थाना पुलिस के साथ करौली जिले के कई थानों का पुलिस बल शामिल किया गया है।

यह तोप नरवर किले की ओपन कचहरी से 15-16 जुलाई की दरम्यानी रात चोरी हुई थी। यह 16वीं शताब्दी की करीब साढ़े तीन टन वजनी ऐतिहासिक तोप है। पुलिस टीम संदिग्ध स्थानों, जंगलों और हाल ही में हुई खुदाई वाले इलाकों की गहन जांच कर रही है। इसके लिए मेटल डिटेक्टर से लैस विशेष टीम भी लगाई गई है, जो जमीन के भीतर धातु की मौजूदगी का पता लगा रही है। जांच में पता चला है कि चोरों ने पहले भी इसे हटाने की कोशिश की थी। बाद में वे गद्दों, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से तोप को नीचे उतारकर वाहन में लादकर फरार हो गए। घटनास्थल से तोप को घसीटकर ले जाने के निशान भी मिले थे। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि मिले इनपुट के आधार पर शिवपुरी पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची है। फिलहाल राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त रूप से तलाशी अभियान जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही ऐतिहासिक तोप बरामद कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

