शहर की पानी मेन ट्रक लाइन फटने से हजारों ंलीटर पानी बर्बाद और यातायात भी रहा बाधित
ग्वालियर. चार शहर का नाका चौराहे पर पानी की मुख्य ट्रक लाइन फटने की वजह से सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया और हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया है। इस घटना से कुछ समय के लिये क्षेत्र में यातायात भी जाम रहा है। शुक्रवार को इलाके में सीवर लाइन निर्माण का कार्य चल रहा था। इस बीच गड्ढा खोदते समय मोतीझील से आने वाली ताजे पानी की मुख्य ट्रंक लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी। दबाव की वजह लाइन फटने से सड़क पर अचानक तेज फब्बारे की तरह पानी बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज अहावाज सुनाई दी और सड़क से पानी की मोटी धार निकलने लगी। पानी का दबाव इतना ज्यादा था कि सड़क के नीचे भी गहरा गड्ढा हो गया और पानी तेजी से सड़क पर बहने लगा।
सहायक यंत्री पीएचई आरएस शाक्यवार ने बताया, “सिविल लाइन का काम चल रहा था, इसी दौरान मुख्य ट्रंक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसे तुरंत दुरुस्त करवा दिया गया है और अब पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से चालू है। यह मुख्य ट्रंक लाइन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे पानी टंकियों और घरों तक पहुंचाया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल पानी की आपूर्ति बंद करवाई। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक किया गया। तब तक हजारों लीटर पानी सड़क पर बह चुका था। इस दौरान क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

