आज शाम को मोहन कैबिनेट की अहम बैठक, होने वाले हैं बड़े फैसले
भोपाल. मध्यप्रदेश में आज मंत्रि परिषद की बैठक आहूत की गई है। बैठक सोमवार शाम को होगी। सब कुछ ठीक रहा तो कैबिनेट की इस बैठक में मप्र के मंत्रियों की स्वेच्छानुदान राशि बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है। कैबिनेट मीटिंग में कर्मचारियों के लिए तबादला नीति भी लाई जा सकती है क्योंकि पिछली कैबिनेट बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों से नीति के बारे में न केवल पूछा था बल्कि अगली बैठक में इसे लाने के निर्देश भी दिए थे। सोमवार शाम तक ड्राफ़्ट फाइनल होने पर तबादला नीति को बैठक में शामिल किया जा सकता है। सीएम मोहन यादव का मंगलवार को असम का दौरा प्रस्तावित है इसलिए एक दिन पहले ही कैबिनेट मीटिंग बुला ली गई है।
अगली कैबिनेट में आ सकती है तबादला नीति
प्रदेश में कर्मचारियों, अधिकारियों के तबादलों पर लगी पाबंदी एक महीने के लिए हट सकती है। 15 मई से तबादले किए जा सकते हैं। इसके लिए तबादला नीति 2026 लागू की जानी है। बताया जा रहा है सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसका प्रस्ताव तैयार कराया जा चुका है। तबादला नीति प्रदेश के सभी विभागों पर लागू होगी। स्कूल शिक्षा विभाग के लिए अलग से पॉलिसी बनाई जा रही है। कर्मचारियों, अधिकारियों के ट्रांसफर के संबंध में सीएम मोहन यादव बेहद सतर्क हैं। 6 मई को हुई कैबिनेट की बैठक में उन्होंने अधिकारियों से तबादला नीति जल्द लाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इतना ही नहीं, सीएम मोहन यादव ने सभी मंत्रियों को विभागीय व प्रभारी मंत्रियों के रूप में कर्मचारियों, अधिकारियों के तबादला न्यायोचित तरीके से करने को भी कहा था।
25 लाख हो सकती है मंत्रियों के लिए स्वेच्छानुदान राशि
इधर राज्य सरकार अपने मंत्रियों के प्रभाव में भी इजाफा कर रही है। इसके लिए उनकी स्वेच्छानुदान राशि बढ़ाने का प्रस्ताव है। राज्य सरकार प्रदेश में मंत्रियों की स्वेच्छानुदान राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपए तक करने जा रही है जोकि अभी 18 लाख रुपए है।

