दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा के विमान टकराए
नई दिल्ली. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमान आपस में टकरा गए। घटना गुरूवार दोपहर 2 बजे हुई। जानकारी के अनुसार अकासा का विमान हैदराबाद जाने के लिए तैयार खडा था। उसी मसय लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया। हादसे में स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा अकासा के बाएं तरफ के पिछले पंख में जा घुसा। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने दोनों प्लेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं लगी। घटना के बाद स्पाइसजेट और अकासा के प्लेन दिल्ली में ही खडे कर दिए गए है यानी इन्हें अगली उडान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। घटना की जांच की जा रही है।

अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता बोले हमारी फ्लाइट पार्किंग एरिया में खडी थी
अकासा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट पार्किंग एरिया में खडी थी तभी दूसरे विमान ने उसे टक्कर मार दी। हमारी टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए दूसरा इंतजाम कर रही है। विमानों की टक्कर के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि घटना की जांच होने तक संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलटों को रोस्टर से हटा दिया गया है।

