अंबेडकर प्रतिमा लगाने पर विवाद, मंदिर के बगल में बिना अनुमति हो रही थी खुदाई, अनुमति मांगी तो वापिस लौटे लोग
दतिया. सेंवढ़ा चुं्रगी स्थित चिरईटोर माता मंदिर के पास मंगलवार की रात लगभग 8 बजे खाली पड़ी जमीन पर बिना अनुमति डॉ अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर झगड़ा हो गया। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के विरोध और सूचना पर डायल 112 सिविल लाइन थाना पुलिस व तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों द्वारा कलेक्टर की अनुमति मांगने पर संबंधित लोगों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। वह मूर्ति वापिस लेकर चले गये हैं। जिसके बाद मामला पूरी तरह से शांत हो गया है।
घटना मंगलवार की रात 8 बजे खुदाई शुरू करते ही विरोध शुरू हो गया था। चिरईटोर माता मंदिर पर श्रद्धालु मौजूद थे। तभी कुछ लोग पास की खाली जमीन पर अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने पहुंच गये। जैसे ही उन्होंने मूति के लिये खुदाई शुरू की तो श्रद्धालुओं का इसकी भनक लग गयी।उन्होंने बाहर आकर उक्त लोगों को रोका। विवाद की स्थिति बनती देख तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई। इसके बाद सिविल लाइन थाने से एसआई अमर सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
तहसीलदार ने मांगी अनुमति तो वापस ले गए मूर्ति
विवाद की सूचना मिलने पर तहसीलदार बीएम आर्य करीब 20 मिनट बाद और सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) वैभव गुप्ता उनके 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों से चर्चा की। तहसीलदार ने मूर्ति लगाने आए लोगों से अनुमति पत्र मांगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना कलेक्टर की अनुमति के कहीं भी मंदिर बनाना या प्रतिमा लगाना नियमों के विरुद्ध है। अनुमति न दिखा पाने पर उक्त लोगों ने अपनी गलती स्वीकार की और अंबेडकर की मूर्ति वापस लेकर चले गए।

