यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 10 दिवसीय चेकिंग अभियान में हजारों वाहनों पर कार्रवाई

अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म, अमानक नंबर प्लेट और अवैध लाइट वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई; शहरभर में लाखों रुपये का जुर्माना वसूला
ग्वालियर।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा 10 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गोला का मंदिर चौराहे पर थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के नेतृत्व में वाहन चेकिंग कर बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म, पदनाम वाली नंबर प्लेट, अवैध बत्ती और चार पहिया वाहनों में लगे अवैध हूटरों पर कार्रवाई की गई।
गोला का मंदिर चौराहे पर कार्रवाई
गोला का मंदिर चौराहे पर चेकिंग के दौरान—
8 अवैध हूटर लगे वाहनों के चालान किए गए।
44 काली फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
80 फैंसी एवं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनोंके चालान किए गए।
4 वीआईपी स्टीकर एवं बिना नंबर वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इन कार्रवाई में कुल 80 हजार रुपये समन शुल्क वसूला गया।
2 वाहनों के ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में 22 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
1 बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
शहरभर में भी बड़ी कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार—
42 अवैध हूटर लगे वाहनों से 1 लाख 26 हजार रुपये वसूले गए।
468 अमानक नंबर प्लेट वाले वाहनों से 2 लाख 34 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
222 ब्लैक फिल्म लगे वाहनों से 1 लाख 11 हजार रुपये वसूले गए।
पदनाम, फैंसी स्टीकर एवं वीआईपी स्टीकर के मामलों में 79 वाहनों से 39 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
3 वाहनों में अवैध लाइट मिलने पर 9 हजार रुपये वसूले गए।
अभियान की विभिन्न धाराओं में 814 वाहनों से 5 लाख 19 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
एमवी एक्ट की धाराओं में 1003 वाहनों के चालान कर 3 लाख 94 हजार रुपयेका जुर्माना वसूला गया।
यातायात नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म, अमानक या फैंसी नंबर प्लेट, अवैध लाइट और नियम विरुद्ध स्टीकर का इस्तेमाल न करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान के दौरान लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

