स्कूटी से जा रही थी महिला, बदमाशों ने लूटा
ग्वालियर. ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर आए दो लुटेरों ने पहले तो महिला की स्कूटी के बगल में अपनी बाइक लगाई, फिर महिला को टोका- गाड़ी देखकर चलाया करो, आपकी वजह से हम गिर जाते। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले ही बादमाश गले पर झपट्टा मारकर चेन लूटकर भाग गए। इसके बाद महिला ने कुछ दूर इनका पीछा भी किया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर भाग गए। इस मामले में गोला का मंदिर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श कालोनी में रहने वाली शिवांगी पति हेमंत सिंह राजपूत के पति बेंगलुरु में नौकरी करते हैं। उनका मायका भी ग्वालियर में है। बीते रोज वह अपनी बहन जागृति के साथ स्कूटी से जा रही थीं, जैसे ही वह इंद्रमणि नगर तिराहा स्थित ट्रैफिक सिग्नल के पास पहुंची, वहां बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए। बदमाशों ने अचानक बाइक उनके बगल में ली और बोले कि गाड़ी ढंग से चलाया करो। जैसे ही शिवानी ने गाड़ी धीमी की तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली, इसके बाद बदमाश भाग गए। शिवांगी ने शोर मचाया और कुछ दूरी तक बदमाशों का पीछा भी किया ,लेकिन यह लोग पकड़ में नहीं आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रात में गोला का मंदिर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

