बेंगलुरु जाना होगा आसान, बैतूल से शुरू होगी साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा
भोपाल. रेलवे ने बैतूल के यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए लालकुआ जंक्शन से केएसआर बेंगलुरु सिटी के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन को साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित कर दिया है। ट्रेन संख्या 15302/15301 का नियमित संचालन सितंबर से शुरू होगा। ट्रेन का बैतूल स्टेशन पर महत्वपूर्ण ठहराव रहेगा।
19 सितंबर से शुरू होगी सेवा
ट्रेन संख्या 15302 लालकुआ-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस 19 सितंबर से प्रत्येक शनिवार को लालकुआ जंक्शन से शाम 5:45 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 2:30 बजे नागपुर पहुंचेगी और 2:35 बजे आगे के लिए रवाना होगी। सोमवार दोपहर 3:25 बजे ट्रेन केएसआर बेंगलुरु सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15301 बेंगलुरु-लालकुआ साप्ताहिक एक्सप्रेस 22 सितंबर से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 7:15 बजे बेंगलुरु से चलेगी। ट्रेन बुधवार सुबह 6:45 बजे नागपुर पहुंचेगी और 6:50 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 9:05 बजे लालकुआ पहुंचेगी।
बैतूल समेत इन स्टेशनों पर ठहराव
नागपुर मंडल में ट्रेन का ठहराव बैतूल के अलावा नागपुर, चंद्रपुर और बल्लारशाह में रहेगा। ट्रेन इटारसी, बैतूल, नागपुर, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा, काटपाड़ी, जोलारपेट्टई, बंगारपेट और कृष्णराजपुरम समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

