सौरभ शर्मा के बाद एक और करोड़पति कर्मचारी गिरफ्तार
इंदौर. मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर नगर निगम के निलंबित सहायक राजस्व अधिकारी एआरओ राजेश परमार का लॉकर शनिवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने खुलवाया। लॉकर में करीब 16 लाख के जेवर व अन्य दस्तावेज मिले है। ईओडब्ल्यू की टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने के बाद शुक्रवार सुबह एआरओ राजेश परमार के बिजलपुर स्थित निवास और परिजन के कनाडियां रोड स्थित निवास पर सर्चिंग की थी। एसपी रामेश्वरसिंह परमार के अनुसार, प्राथमिक जांच में कई मकान, फ्लैट व भूखंड के दस्तावेज मिले है। परमार की वेतन-भत्तों से 60 लाख की आय हुई है जबकि संपत्ति 4 करोड से ज्यादा है।
दो शादियां कर चुका है परमार
शनिवार को निरीक्षक कैलाश पाटीदार ने राजेश के केसरबाग रोड स्थित बैंक के लॉकर को खुलवाया। पाटीदार के अनुसार लॉकर से करीब 16 लाख के जेवर और कुछ दस्तावेज मिले हैं। परमार ने दो शादी की है एक से तलाक की बात सामने आई है। ईओडब्ल्यू ने उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया है। जिसमें सिंगापुर व मलेशिया की यात्रा करने की बात दर्ज है। विदेश यात्राओं की भी जांच की जा रही है और अन्य संपत्तियों की भी जानकारी निकाली जा रही है।
अफसरों के फोन ऑफिस में रखवाकर भेजा सर्चिंग पर
ईओडब्ल्यू में इस बार सर्चिंग में सीबीआई की तरह अनुशासन वाला काम हुआ। छापे के प्रभारी के अलावा अन्य अफसरों के मोबाइल ऑफिस में ही रखवाने के बाद सर्चिंग में भेजा गया और लौटने पर ही उन्हें मोबाइल वापस मिल सके। गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस तरह का कदम उठाने की बात कही जा रही है।

