सौरभ की कंपनियों के सोर्स-कर्मचारियों की जानकारी जुटा रही लोकायुक्त
भोपाल. लोकायुक्त कार्यालय में रविवार को आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरा शर्मा से करीब 7 घंटे पूछताछ की गई। सौरभ से उसकी कंपनियों-अविर इंटरप्राइजेज, अविरल कंस्ट्रक्शन कंपनी, अविरल फिशरीज और अविरल पेट्रोल पंप की आय के तमाम स्तोतों के बारे में जानकारी ली गई। इन सभी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों का डेटा भी लोकायुक्त के अधिकारी तैयार कर रहे है। लोकायुक्त की टीम तीन दिन पहले सौरभ के घर और ऑफिस से ऑडिट रिपोर्ट भी जब्त कर चुकी है, जिनकी जांच की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारियों ने सौरभ से ऑडिट रिपोर्ट तैयार कराने की प्रक्रिया और इसे तैयार करने वालों की जानकारी भी ली। अलग-अलग कंपनियों के खातों की जानकारी भी सौरभ से हासिल की गई। छापे में सौरभ के घर और ऑफिस से मिली चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज दिखाकर उससे पूछताछ की गई।
अनुकंपा नियुक्ति के लिए झूठा शपथ पत्र
परिवहन विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के लिए सौरभ शर्मा और उसकी मां उमा शर्मा द्वारा दिए गए झूठे शपथ पत्रों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। अब विभाग को छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक जवाब का इंतजार है। जांच परिवहन विभाग की शिकायत शाखा को सौंपी गई थी। इसके बाद सौरभ और उमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है।

