सीमेंट की बोरी पर भी महंगाई की आग, ब्रांडेड कंपनियों की सीमेंट में सीधे 35 रुपए की बढ़ोतरी
ग्वालियर. घर बनाना फिर से महंगा पड़ने वाला है, ब्रांडेड सीमेंट कंपनियां आज से सीमेंट की हर बोरी पर 35 रुपए बढ़ाने जा रही है। 14 साल बाद एकदम से सीमेंट कंपनियों ने दामों में इतनी बढ़ोती करने जा रही है। इसके लिए कंपनियों ने वितरकों को मैसेज पहले से कर दिए है जिसमें अधिक से अधिक रैक उठाने और डिस्काउंट लेने तक की बात कही गई है। सीमेंट कारोबारियों का मानना है कि दामों में इतनी बढ़ोतरी होने से शुरूआत में थोड़ा असर देखने को मिल सकता है।
महीने भर में 8 लाख बोरियों की खपत
ग्वालियर में हर महीने 40 हजार टन यानी 8 लाख सीमेंट की बोरियों की खपत है। रेल के जरिए आने वाले एक रैक में 40 से 60 हजार सीमेंट की बोरियां आती है। दाम बढ़ने का शुरूआत में असर देखने को मिल सकता है। 2008 में भी कंपनियों ने दामों में ऐसे ही बढ़ोतरी की थी।उस समय एकमुश्त 40 रुपए प्रति बोरी दाम बढ़ाए गए थे। 14 साल बाद फिर से 35 रुपए की बढ़ोतरी की जा रही है। इससे पूर्व मार्च में भी 5-5 रुपए करके दाम बढ़ाए गए थे।
कंपनियां मनमानी कर रही हैं
सीमेंट कंपनियां मनमानी करते हुए दामों में बढ़ोतरी कर रही है। दाम बढ़ाने के पीछे पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे, ट्रांसपोर्टेशन महंगा होने जैसे कारण बताए जा रहे हैं। कुछ भी हो लेकिन दाम बढऩे का असर बाजार पर दिखाई देगा। पेट्रोल-डीजल और यूक्रेन युद्ध के नाम पर दाम बढ़ा दिए गए हैं।
विजय जाजू, सीमेंट कारोबारी

