सीएम जयराम ठाकुर दिल्ली तलब, भाजपा हाईकमान ने प्रदेश के पदाधिकारियों को भी बुलाया, दिल्ली में बैठक आज शाम, रातों-रात सीएम बदल सकता है
नई दिल्ली. हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर को हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है, उनके साथ प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है जिससे हिमाचल के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई है, क्योंकि रविवार को ही सीएम दिल्ली से लौटे थे। वहीं कुछ दिन पहले गुजरात के सीएम के इस्तीफा देने के बाद हिमाचल में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। दिल्ली में भाजपा हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा पदाधिकारियों की आज शाम बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संजय टंडन, संगठन मंत्री पवन राणा और हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप मौजूद रहेंगे। कयास लगाए जा रहे है कि इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और आने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा होगी।
कांग्रेस को मिला भाजपा को घेरने का मौका
देशभर में भाजपा में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच कांग्रेस नेताओं को भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को घेरने का मौका मिल गया है। वह यहां तक कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाए जाने का कारण उन्हें हटाया जाना है। कुल्लू के ढालपुर मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य ने कहा कि कर्नाटक, गुजरात, उत्तराखंड, राज्यों की तरह हिमाचल में भी भाजपा रातों-रात मुख्यमंत्री को बदल सकती है।
8 सितंबर को मुख्यमंत्री गए थे दिल्ली के दौरे पर
इससे पहले 8 सितंबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी। दिल्ली के बाद मुख्यमंत्री जयराम बाबा महाकाल के दर्शन के लिए परिवार के साथ उज्जैन पहुंचे।

