संविदाकर्मियों का धरना 6वें दिन स्थगित, प्रबंध संचालक ने लिखकर दिया-समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा
भोपाल. कुक्कुट विकास निगम के प्रबंध संचालक राजू रावत के लिखित आश्वासन के बाद संविदा कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय में 6 दिन से चल रहा धरना स्थगित कर दिया है। संविदा कर्मचारी-अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष रमेश राठौर ने बताया कि प्रबंध संचालक ने बताया कि संविदा कर्मचारियों की वेतनवृद्धि की नस्थी मंत्रालय पहुंच गई है, इस पर जल्द निर्णय लिया जा रहा है। वहीं अन्य समस्याओं का निराकरण भी जल्द कर देंगे। राठौर ने कहा कि रावत के कहने पर धरना स्थगित किया गया है। बता दें कि ये कर्मचारी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 1 जनवरी से धरने पर बैठे थे।
राठौर ने बताया कि निगम के प्रबंध संचालक ने मंगलवार को इन कर्मचारियों को चर्चा के लिए बुलाया था और सौहार्द्रपूर्ण चर्चा के बाद धरना स्थगित किया गया है। उल्लेखनीय है कि निगम के संविदा कर्मचारी संचालक मंडल की बैठक में लिए निर्णय के अनुसार वेतनवृद्धि की मांग कर रहे हैं।

