शादियों से ज्वेलरी और नगदी से भरे बैग पार करने वाली गैंग सक्रिय, 10 दिन में घटनायें, बेखबर है पुलिस
ग्वालियर. बेटी की शादी में स्टेज पर फोटो शूअ के लिये पहुंची मां ने सोने-चांदी व नगदी से भरा बैग कुर्सी पर रख दिया। 5 मिनट के बाद जब वह वापिस आई तो एक बालक बैग लेकर भागता दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक नाबालिग मैरिज गार्डन के बाहर निकल गया। परिजन बाहर आये तो वहां कोई नहीं मिला। घटना गोला का मंदिर के श्याम वाटिका की है। बैग में लगभग 6 से 7 लाख रूपये का सामान रखा हुआ था। सहालग शुरू होने के बाद पीछिले 10 दिनों में मैरिज गार्डन में यह तीसरी घटना है। परिजन ने रात को तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच कर वापिस लौट आयी। शनिवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गयी है। पुलिस जांच कर रही हैं। गार्डन में लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
क्या है पूरा घटनाक्रम
गुना निवासी सिद्धांत शर्मा पुत्र श्याम बिहारी शर्मा सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उनकी बहन कृति की शादी का समारोह गोला का मंदिर स्थित श्यामवाटिका में था। बेटी की शादी में देने के लिए गहने और नगदी से भरा पर्स मां विजयलक्ष्मी के हाथ में था। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे विजयलक्ष्मी शर्मा स्टेज पर फोटो खिचाने जाते समय बैग अपनी भाभी के पास में कुर्सी पर रख कर उन्हें देखने के लिए बोलकर चली गई। कुछ देर बाद वह लौटी तो देखा कि कुर्सी पर उनका बैग नहीं है। यहां वहां देखा तो एक 11 से 12 साल का बालक बैग को लेकर भागता दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचायाए लेकिन आवाज शोर में दबकर रह गई। जब तक अन्य परिजन को बताया वह नाबालिग लड़का मैरिज गार्डन से बाहर निकल चुका था। परिजन ने अपने स्तर पर तलाश किया तो वहां कुछ पता नहीं चला है।
ज्वेलरी और नगदी से भरा बैग बच्चा लेकर भागा तो मचा हड़कम्प
ज्वेलरी -नगदी से भरा बैग चोरी होने का पता चलते ही विवाह समारोह में हड़कंप मच गया और सभी बालक की तलाश में चारों ओर दौड़े, लेकिन का पता नहीं चल पाया। मामले का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गयी। उस वक्त तो पुलिस लौट आयी, क्योंकि शादी की रस्में शुरू हो गयी थी। शनिवार को पुलिस ने जांच की ओर शाम को मामला दर्ज किया गया है।
बैग में था यह सामान
पीडि़त परिवार ने बताया कि बैग में 3 तोला वजनी सोने की चूडि़यां, ढाई तोला का हार, कानों को टॉप्स,अंगूठी, पेंडल, 10 जोड़ी पायल, 6 जोड़ी बिछिया और 30 हजार रूपये नगदी के साथ ही एक मोबाइल भी था। चोरी गये सामान की कीमत लगभग 6 से 7 लाख रूपये बतायी गयी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे
शनिवार को शर्मा परिवार ने जब मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किये तो पला चला है िकवह काफी हल्की क्वालिटी के थे और चोर के धुंधले फुटेज आये हैं। जिनसे उसकी पहचान होना मुश्किल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी छानबीन कर रही है। एएसपी शहर राजेश डंडोतिया ने बताया कि मामले की शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है।
10 दिन में तीन वारदात
सहालग शुरू होने के बाद मैरिज गार्डन में शादियों में चोरी का सिलसिला शुरू हो चुका है। यह तीसरी वारदात है। पहली चोरी आकाशवाणी पर एक होटल में हुई थी। दूसरी चोरी 3 दिन पहले सनसाइन गार्डन सिरोल में सेंट्रल स्कूल के टीचर विकास गिरी की बेटी की शादी से 5 लाख के गहने चोरी हुए थे। तीसरी चोरी श्यामवाटिका में शर्मा परिवार के यहां हुई है। तीनों वारदात में 11 से 15 साल के 2 बालक ही नजर आए हैं। पुलिस इन संदेही बालकों की तलाश कर रही है।

