राजू ठेहट हत्याकांड के चारों शूटर्स सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले में शनिवार को गैंगस्टर राजू ठेहट सहित दो जनों की हत्या करने वाले चारों शूटर्स सहित पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि दो बदमाशों को रात को पाटन के डाबला इलाके से हरियाणा बॉर्डर के पास से पकड़ा गया है। जबकि तीन आरोपियों को सुबह झुंझुनूं के पौंख गांव से पकड़ा गया है। आरोपी सीकर निवासी मनीष जाट व विक्रम गुर्जर तथा हरियाणा निवासी सतीश कुम्हार, जतिन व नवीन मेघवाल के पास से हथियार व चोरी की गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
रातभर जारी रहा सर्च अभियान व धरना
इससे पहले आरोपियों की तलाश में पुलिस का सर्च अभियान रातभर जारी रहा। शेखावाटी सहित आसपास के जिलों में ए श्रेणी की नाकाबंदी के साथ पुलिस रातभर उनका सीकर व झुंझुनूं के नदी इलाकों में पीछा करती रही। उधर, हत्यारों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर तेजा सेना सहित विभिन्न संगठनों का धरना एसके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर रातभर जारी रहा।
घर के बाहर गोलियों से भूनकर की हत्या
गैंगस्टर राजू ठेहट की शनिवार को सुबह गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। ठेहट शहर में पिपराली रोड पर अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी करीब साढ़े नौ बजे वहां चार शूटर्स ने उस पर दनादन फायरिंग कर दी। भागते समय आरोपियों ने एक हॉस्टल में बेटी से मिलने आए नागौर निवासी ताराचंद की भी गाड़ी लूट के इरादे से हत्या कर दी। एसके अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों के मृत घोषित करने के बाद दोनों के शव मोर्चरी में रख दिए गए। जहां आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेजा सहित विभिन्न संगठनों ने शव उठाने से इन्कार करते हुए रातभर धरना जारी रखा। जिसमें लाडनूं विधायक मुकेश भाकर व राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी भी शामिल हुए। उधर, घटना के तुरंत बाद नाकाबंदी कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जिन्हें पूरी रात की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

