मुरैना के शर्मा फार्म के पास बनकर तैयार है ISBT – बसों के आवागमन के लिये रहेंगे 3 गेट
ग्वालियर. मुरैना की ओर जाने वाले हाइवे मार्ग पर 64 करोड़ रूपये की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT ) बनकर तैयार हो गया है। आईएसबीटी से ही भविष्य में बसों का संचालन किया जायेगा। ऐसे में आईएसबीटी के सामने से निकले मुरैना हाइवे का यातायात संचालन सुगम रखने के लिये स्मार्ट सिटी ने ट्रैफिके मैनेजमेंट के लिये यहां बसों के आने-जाने के लिये 3 गेट रखे हैं। 2 गेट हाइवे पर रखे गये हैं। वहीं तीसरा गेट मल्लगढ़ा रेलवे ओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर रखा गया है। यह रास्ता मल्लगढ़ा थाने के पीछे से होता हुआ आईएसबीटी पहुंचेगा। गौरतलब है कि आईएसबीटी हाइवे व सर्विस रोड से काफी अंदर बनाया गया है। ऐसे में बसों का संचालन करने में आसानी रहेगी और बस का स्टाफ सवारियों को परिसर के अंदर से ही बैठा पायेगा।
अच्छी प्लानिंग है
आईएसबीटी का निर्माण अंतिम चरण में है। बसों के संचालन के लिये परिसर में 3 गेट दिये गये है। जिनमें 2 गेट मुख्य मार्ग पर दतथा एक मल्लगढ़ा आरओबी के पास में है। भविष्य में ट्रैफिक का संचालन ठीक तरीके से से हो इसके लिये प्लान किया जा रहा है। जल्दी ही जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, नगर निगम, स्मार्ट सिटी की मीटिंग होगी। जिसमें महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जल्द ही निर्णय लिया जायेगा।
नीतू माथुर, सीईओ, स्मार्ट सिटी, ग्वालियर
15 मीटर चौड़ी रहेगी सड़क
मल्लगढ़ा आरओबी के पास बनाये जाने वाले प्रवेश मार्ग की सड़क को कुल चौडाई 15 मीटर रहेगी। इसमें बसों के आने व जाने के लिये 7.20-7.50 मीटर की 2 रोड़ रहेगी तथा बीच में डिवाइडर भी बनाया जायेगा। अधिकारियों का एक प्लान यह भी है हिक आगरा-मथुरा व दिल्ली की ओर से आने व जाने वाली बंसों का संचालन इसी गेट से किया जायेगा। ऐसे में मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का लोड कम ही रहेगा। भिण्ड, दतिया, गुना, शिवपुरी समेत अन्य क्षेत्रों में आने व जाने वाली बसों का संचालन मुख्य मार्ग के गेट से किया जायेगा।
प्रतिदिन 600 बसों का संचालन होगा
ग्वालियर अभी रोडवेज बस स्टैंड, झांसी रोड बस स्टैंड के साथ कई स्थानों पर अवैध बस स्टेंड बने हुए है। रोडवेज बस स्टेंड से दिल्ली, हरिद्वार, झांसी , आगरा, मथुरा, भिण्ड, मुरैना, छतरपुर, रीवा, सतना, इन्दौर और गुना समेत अन्य रूट पर तथा झांसी रोड बस स्टेंड से नरवर, करैरा, डबरा, भितरवार भांडेर समेत कई रूट पर बसों का संचालन किया जाता है। निजी बस ऑपरेटर कंपू, पडाव, चेतकपुर, विनयनगर समेत कई जगहों से बसों का संचालन कर रहे हैं।
यातायात का दबाव कम करने के लिये प्लान
शहरी क्षेत्र से बसों का दबाव कम करने के लिये ट्रिपल आईटीएम के सामने शर्मा फॉर्म रोड पर आईएसबीटी बनाया गया है। आईएसबीटी के प्रस्ताव को मप्र की साधिकार समिति ने स्वीकृति दी थी। इसके बाद स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन ने इसे बनाने का काम शुरू किया था। यह काम हाल ही पूरा हुआ है। यहां शिवपुरी, गुना, भिण्ड, मुरैना, इटावा, कानपुर, आगरा, धौलपुर, जयपुर, मथुरा, दिल्ली समेत कई शहरों व ग्रामीणों क्षेत्रों के लिये बसें चलाई जायेगी। गौरतलब है कि आईएसबीटी का निर्माण 25 एकड में किया गया है।
यात्रियों के लिये फेसिलिटीज
बस स्टेण्ड परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिये वेटिंग रूम, पर्यटन डेस्क, पार्सल रूम, बुक शॉप, एवं फूड जोन, डोरमेट्री, सुरक्षा चौकी, एटीएम की सुविधा रहेगी। परिसर में बसों को खड़ा करने के लिये बड़ा स्थान रहेगा। साथ ही पार्क भी बनाया गया है। वहीं हरियाली के बीच लोगों के बैठने के लिये हट भी बनाये गये हैं।

