भोजन के बाद पति टहलने गया तो पत्नी ने लगाई फांसी, महलगांव के सिटीसेंटर की है घटना
ग्वालियर. एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की रात लगभग 11 बजे महलगांव सिटीसेंटर की है। जब महिला का पति खाना खाने के बाद टहलने के लिये गया था। महिला ने यह कदम क्यों उठाया है। यह पता नही चल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
क्या है मामला
मृतका पूजा सोनी (29) महलगांव स्थित विशाल किराना स्टोर के पास अपने पति सागर सोनी के साथ रहती थी। दोनों की शादी छह साल पहले हुई थी और उनकी एक बेटी भी है। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।महिला के पति के मुताबिक, दोनों ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद वह टहलने के लिए पास ही कॉर्नर तक गया था। जब वह लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला और काफी देर तक नहीं खुला।दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान से झांककर देखा तो उसकी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पति ने शोर मचाया और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसने तत्काल मायके पक्ष और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमॉर्टम कराया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूजा ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया यह स्पष्ट नहीं हो सका है। माहौल गमगीन है। ऐसे में मायके पक्ष के लोगों से अभी तक पुलिस की उनसे बात नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के सामान्य होने का इंतजार कर रही है ताकि बयान लिये जा सके। थाना विश्ववि़द्यालय पुलिस का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है। लेकिन वजह स्पष्ट नहीं है। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे है। जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसी आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

