भारी बारिश से 9 डैम के गेट खोलने पड़े, दो युवक बहे,150 कांवड़ियों ने पार की उफनती नदी
भोपाल. मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। भोपाल में रातभर से तेज बारिश हो रही है। बड़ा तालाब में पानी फुल हो गया है। इसकी क्षमता 1666.80 फीट है। गुरुवार तक इसमें 1666 फीट पानी था, जो शुक्रवार सुबह पूरा भर गया। कलियासोत के 10 और भदभदा डैम के 5 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
प्रदेश में लगातार बारिश होने से शुक्रवार को 9 डैम के गेट खोल दिए गए हैं। भोपाल में कोलार डैम के 4, कलियासोत के 10, भदभदा के 5, नर्मदापुरम में तवा डैम के 9, अशोकनगर में राजघाट के 8, जबलपुर में बरगी के 7, रायसेन के बारना डैम के 6, विदिशा में हलाली डैम के 2 और छिंदवाड़ा में माचागोरा डैम के 4 गेट खोल दिए गए हैं। इधर, रायसेन में रिछन नदी में आई बाढ़ के बाद रपटा पार कर रहे दो लोग नदी में बह गए। इसमें एक युवक को बचा लिया गया। दूसरा लापता है।

