Tansen samaroh- बेहट/ग्वालियर-सुर सम्राट की जन्मस्थली में बहे मीठे-मीठे सुरों ने कराया मखमली अहसास

बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजी समारोह की आठवीं सभा
ग्वालियर सुरसम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में सजी आठवीं संगीत सभा में बहे सुर मखमली अहसास करा गए। संगीत कलाकारों ने ऐसा झूमके गाया-बजाया कि रसिक सुध-बुध खो बैठे। इस साल के तानसेन समारोह के तहत यह सभा बेहट में मंगलवार को भगवान भोले के मंदिर के नीचे और झिलमिल नदी किनारे घनी एवं मनोरम अमराई के बीच सजी। यह वही जगह थी जहाँ सुर सम्राट का बचपन संगीत साधना और बकरियाँ चराते हुए बीता था। लोक धारणा है कि तानसेन की तान से ही निर्जन में बना भगवान शिव का मंदिर तिरछा हो गया था। यह भी किंवदंति है कि 10 वर्षीय बेजुबान बालक तन्ना उर्फ तनसुख भगवान भोले का वरदान पाकर संगीत सम्राट तानसेन बन गया। सभा की शुरुआत पारंपरिक ढंग से स्थानीय तानसेन कला केन्द्र बेहट के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ध्रुपद गायन के साथ हुई। राग “भैरव” में आलाप मध्यलय आलाप और द्रुत लय आलाप से शुरू करके सूलताल में बंदिश पेश की। जिसके बोल थे- “शिव आदि मद अंत योगी”। विद्यार्थियों ने पूरे कौशल से इसे पेश किया। इस प्रस्तुति में श्री संजय पंत आगले ने पखावज पर बढ़िया संगत की।

गिटार के माधुर्य में डूबे रसिक..
सभा के पहले कलाकार के रूप में उज्जैन से आये श्री अभिषेक व्यास ने सुमधुर गिटार वादन किया। अभिषेक ने तानसेन रचित राग “मियां की तोड़ी” से अपने वादन की शुरुआत की। उनके गिटार वादन से झर रहे सुरों के माधुर्य में रसिक डूब गए। आम तौर पर क्लासिकल म्यूजिक में हवाईन गिटार बजाने का चलन है, लेकिन अभिषेक स्पेनिश गिटार बजाते हैं। उनके गुरु ने 19 तारों से इसे हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के काबिल बनाया है ताकि, गमक मींड क्रंदन जैसे अंग इस पर बजाए जा सकें। आज के वादन में उन्होंने आलाप जोड़ झाला से शुरू कर राग मियाँ की तोड़ी में दो गतें पेश की। विलंबित और द्रुत, दोनों ही गतें तीन ताल में थी।आपके वादन में रागदारी की बारीकियों के साथ माधुर्य भी था। तबले पर श्री निशांत शर्मा ने अच्छा साथ दिया।

” कुंजन में रच्यो रास…..”
ध्रुपद के अमूर्त से बोलों का आभास कराते हुए बुलंद और सधे हुए स्वर में श्री सुदीप भदौरिया ने जब राग “भीम पलाशी ” और चौताल में निबद्ध बंदिश “कुंजन में रच्यो रास…” के गायन के दौरान सुमधुर स्वर लहरियाँ छोड़ीं तो गान महृषि तानसेन की जन्मस्थली में झिलमिल नदी का शांत जल भी हिलोरें लेने लगा। उन्होंने सभा मे मौजूद संगीत पारखियों को गहरे से प्रभावित किया। सुदीप ग्वालियर ध्रुपद केन्द्र में अभिजीत सुखदाने से ध्रुपद गायकी की तालीम ले रहे हैं। आलाप मध्य लय आलाप और द्रुत लय आलाप से गायन में रंग भरने के बाद उन्होंने चौताल में निबद्ध यह बंदिश बड़े ही सहजता से पेश की। ध्रुपद के सुदीप अपने गायन में विविध लयकारियों से खूब रंग भरा । साथ ही गमक अंग का भी खूबसूरती के साथ उपयोग किया। उनके साथ पखावज पर श्री संजय पंत आगले ने मीठी संगत की।

