फूलबाग पर 2 छात्र का अपहरण,रात 1.30 बजे पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, 5 की तलाश कर रही पुलिस
ग्वालियर. फूलबाग पर 6 बदमाशों ने दो छात्रों को अगवा कर लिया। दोनों को कार में जबरन बैठा ले गए। मारपीट की। करीब तीन घंटे बाद छोड़ा। रात डेढ़ बजे पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। बाकी पांच की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मामला लड़की को लेकर विवाद से जुड़ा
एसपी धर्मवीर सिंह ने छात्रों से पूछताछ के बाद बताया विजयपुर के रहने वाले लालू यादव (20) और सोनू यादव (19) दोस्त हैं। ग्वालियर के पड़ाव क्षेत्र में किराए से रहते हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। मंगलवार शाम 7 बजे बाइक से दोस्त के घर के लिए निकले थे। उनके साथ एक और दोस्त भी था। 7:30 बजे इटालियन गार्डन के सामने से गुजरते समय लाल रंग की बिना नंबर की आई-20 कार ने छात्रों की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद 6 लोग कार से उतरे और मारपीट करने लगे। जबरदस्ती लालू और सोनू को कार में डालकर ले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसे एक्सीडेंट के बाद मारपीट का मामला समझा।
पिटाई के बाद छोड़कर भागे बदमाश
छात्रों के साथ मौजूद दोस्त ने उनके परिजन और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर कार की तलाश शुरू की। पुलिस शहर की सड़कों पर लाल रंग की कार की तलाश करती रही। रात करीब 11 बजे लालू का परिजन को कॉल आया। बताया कि वे कांच मिल के पास हैं। कार सवार बदमाश उन्हें यहां छोड़कर भाग गए हैं।
पुलिस छात्रों को लेने कांच मिल पहुंची। एक महीने पहले भी लालू का कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था। पुलिस इस पॉइंट पर भी पूछताछ कर रही है।

