ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती रैली 2 अगस्त से, ट्रेनों में अभ्यर्थियों का हंगामा रोकने तैनात होगा अतिरिक्त बल
ग्वालियर. अग्निवीर भर्ती रैली 2 से 12 अगस्त तक जिलेवार ग्वालियर में होनी है। यह भर्ती रैली प्रक्रिया अटल बिहारी वाजपेयी ट्रेनिंग सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्पोर्टस मुरैना रोड पर होगी। इस भर्ती मंे 10 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती में ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर,सागर व निवाड़ी के अभ्यर्थी भाग लेंगे। हालांकि इस भर्ती में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जो 28 मई को घोषित अग्निवीर ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके होंगे। भर्ती रैली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ट्रेन से आएंगे। ट्रेन में सफर के दौरान अभ्यर्थी हंगामा नहीं करें।
इसको लेकर आरपीएफ ने तैयारियां शुरू कर दी है। आरपीएफ टीआई संजय कुमार आर्या ने कहा कि ऐसी ट्रेन जिनमें अग्निवीर सेना रैली भर्ती के अभ्यर्थी आएंगे, उनमें सुरक्षा बल के जवान तैनात करेंगे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आरपीएफ के जवान की मांग मंडल स्तर पर करेंगे। साथ ही इसके लिए अभी से योजना बना रहे हैं। दरअसल, नवंबर 2014 में मेला मैदान में सेना भर्ती का आयोजन किया था। 10 साल पहले हुई इस भर्ती के दौरान सेना भर्ती मंे भाग लेने आए युवकों ने जमकर उत्पात मचाया था। कई वाहन फूंक दिए थे।
हमारे पास जीआरपी का पर्याप्त सुरक्षा बल है
हमारे पास जीआरपी का पर्याप्त सुरक्षा बल है। जरूरत के अनुसार ट्रेन व स्टेशन पर जवानों को तैनात किया जाएगा। सेना भर्ती रैली में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी तरह उत्पात मचाने नहीं दिया जाएगा। अभी से प्लानिंग की जा रही है।
-एमपी ठक्कर, टीआई, जीआरपी थाना

