काकाजी के विचार देते है जीवन में आगे बढने की प्रेरणा- विधानसभा अध्यक्ष
ग्वालियर – पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की 103 वीं जयंती पर नगर निगम मुख्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर शहरवासियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक श्री पीयूष ताम्बे एवं सुश्री प्रतीक्षा तांबे ने भजनों के माध्यम से भजनांजली अर्पित की।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि काका जी (स्व. श्री नारायण कृष्ण शेजवलकर) का उन्हें मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, उनके सानिध्य में रहकर उन्होंने संगठन एवं सार्वजनिक जीवन में कार्य करने की कला सीखी है। स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर के विचार जीवन में आगे बढने की प्रेरणा देते हैं।
नारायण कृष्ण शेजवलकर प्रशासनिक भवन सिटी सेंटर में पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की 103 वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर जिले के प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री अशोक जादौन, ग्वालियर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसुदन सिंह भदौरिया, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित बडी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शहर के नागरिक गणों ने स्व. शेजवलकर को पुष्पांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण
नगर निगम मुख्यालय परिसर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा काकाजी स्व. नारायण कृष्ण शेजवलकर की स्मृति में पौधारोपण किया गया।
भजनांजलि कार्यक्रम
नगर पालिक निगम, ग्वालियर द्वारा आयोजित भजनांजलि कार्यक्रम में भजन गायक पियूष ताम्बे एवं प्रतीक्षा ताम्बे ने कभी-कभी भगवान को भी भक्तों से काम पड़े, मनवा रे जीवन है संग्राम एवं ओ पालनहारे, भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। संगत कलाकार – तबला – पुनीत द्विवेदी, ढोलक-आशीष लव्हाटे, कीबोर्ड – मुनेन्द्र सिंह परिहार आदि।

