पूरा देश, सेना और सैनिक पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक है, एमपी के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दिया विवादित बयान
भोपाल. मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के विवादास्पद बयान का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब एमपी के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के विवादित बयान ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा है कि ‘‘पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं’’
देवड़ा ने भावुक अन्दाज में कहा कि मन में बहुत क्रोध था कि जो पर्यटक गये थे। उनका धर्म पूछकर चुन-चुनकर मारा गया, महिलाओं को एक ओर खड़ा करके, उनके सामने गोली मारी गयी। बच्चों के सामने गोली मारी गयी। उस दिन से पूरे देश के दिमाग में तनाव था कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जायेगा। जब तक उन लोगों को नहीं मारा जायेगा। जिन्होंने माताओं-बहनों के सिन्दरू को मिटाने का काम किया है, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है उसकी जितनी सराहना की जाये कम है।

