पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा का नवाचार ”हम होंगे कामयाब” राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत
महिला अपराधों की रोकथाम से लेकर पीडि़ताओं के पुनर्वास तक की उल्लेखनीय पहल
भोपाल- मध्यप्रदेश की महिला सुरक्षा शाखा द्वारा महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, व्यापक जागरूकता तथा पीडि़ताओं के पुनर्वास के लिए चलाया गया नवाचार, हम होंगे कामयाब” को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है। 29 अगस्त 2024 को हैदराबाद में तेलंगाना पुलिस महिला सुरक्षा विंग द्वारा आयोजित नेशनल टेक्निकल कंसलटेशन समारोह में इस नवाचार को अवार्ड ट्रॉफी प्रदान की गयी। मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से एसएसपी सुश्री किरणलता केरकट्टा ने यह अवार्ड प्राप्त किया।
पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना से मंगलवार 10 सितंबर को महिला सुरक्षा शाखा की स्पेशल डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, आईजी हिमानी खन्ना, यूएन वूमन के स्टेट प्रतिनिधि, महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य सहभागी संस्थान के प्रतिनिधियों ने भेंट कर ट्रॉफी सौंपी। डीजीपी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए प्रदेश में महिला सुरक्षा को और भी सुदृढ़ करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।
”हम होंगे कामयाब” अवधारणा
मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा शाखा ने प्रदेश में महिला अपराधों को रोकने जिसमें मानव तस्करी भी शामिल है, महिला जागरूकता, महिला विकास तथा पीडिताओं के पुनर्वास के लिए एक समन्वित प्रयास जिसमें शासन के अन्य विभाग जैसे महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण आजीविका मिशन, पर्यटन, श्रम एवं पंचायत विभाग तथा एनजीओ शामिल हैं के माध्यम से 3पी थ्यौरी जिसमें प्रिवेंशन, प्रोटेक्शन एवं प्रोशिक्यूशन पर पूरा ध्यान केन्द्रित किया गया। इस उद्देश्य से पुलिस के साथ-साथ वे सभी विभाग जो इन अपराधों की रोकथाम, नियंत्रण, अभियोजन एवं पुनर्वास के लिए जिम्मेदार है, ”हम होंगे कामयाब” मंच के अंतर्गत एक दिशा में कार्य कर रहे हैं।

