“सेफ क्लिक 2.0” -साइबर अपराधों की रोकथाम में जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच-DGP

06 करोड़ से अधिक लोगों तक डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से तथा 01 करोड़ से अधिक नागरिकों प्रत्यक्ष रूप से पहुँचा साइबर सुरक्षा का संदेश, 8,600 से अधिक कार्यक्रम हुए संचालित
भोपाल, मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान का आज नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा रहे। समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) ए साईं मनोहर, पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सामुदायिक पुलिस सदस्य, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर DGP कैलाश मकवाणा ने कहा कि जनवरी 2025 में अधिकारियों को दिए गए नववर्ष संदेश में उन्होंने 3 प्रमुख चुनौतियों—साइबर अपराध, नशे के विरुद्ध जनजागरूकता तथा सड़क सुरक्षा—को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निरंतर जनभागीदारी आधारित अभियान संचालित करने का आह्वान किया था। उसी संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक”, तथा “नशे से दूरी है जरूरी” व्यापक जनजागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “सेफ क्लिक 1.0” के सकारात्मक परिणामों के कारण प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों में उल्लेखनीय कमी देखने को मिली है। जागरूक नागरिकों द्वारा समय पर पुलिस को सूचना देने से अनेक मामलों में तत्काल कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाई गई। उन्होंने भोपाल के डिजिटल अरेस्ट प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित की त्वरित सूचना पर पुलिस ने लाइव हस्तक्षेप कर साइबर अपराध को विफल किया।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार अपने तौर-तरीके बदल रहे हैं, इसलिए मध्यप्रदेश पुलिस भी समय-समय पर नई एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सतर्क कर रही है। उन्होंने बताया कि “सेफ क्लिक 2.0” को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) श्री ए. साईं मनोहर एवं उनकी टीम ने बदलते साइबर परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप यह अभियान जन-जन तक पहुँचने में सफल रहा।

