पिकनिक मनाने गये आरक्षक की डूबने से हुई मौत, 5 घंटे के बाद मिला शव
ग्वालियर. मोहना ककैटो बांध पर पिकनिक मनाने पहुंचे सिपाही की डैम में डूबने से मौत हो गयी है। जवान मजाक-मजाक में गहरे पानी में उतर गया और इसके बाद डूबने लगा। दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया। लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। घटना मोहना स्थित ककैटो बांध की है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। लगभग 5 घंटे के बाद डैम में घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव डैम में उतराता मिला है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस पहुंचा दिया था। सोमवार को परिजन के आने के बाद शव पोस्टमार्टम किया गया है। पुलिस हादसे की वजहों की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर की 13वीं बटालियन में पदस्थ 32 वर्षीय सिपाही मदन मोहन सुखालिया की मोहना स्थित ककैटो डैम में डूबने से मौत हो गई है। मदन मोहन 13वीं बटालियन SAF में क्लर्क था। मदनमोहन अपने 7 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए ककैटो डैम आया हुआ था। यहां सभी ने डैम में नहाया और खाना पीना हुआ। इसके बाद मदन मोहन कपड़े उतारकर फिर डैम में नहाने चला गया। नहाते-नहाते वह दोस्तों से मजाक कर रहा था कि यहां पानी गहरा है या कम है। यह करते हुए वह गहराई में चला गया और डूबने लगा। पानी में जब वह नहा रहा था तो दोस्तों ने भी उसे डूबते हुए देखा लेकिन वह लोग तैरना नहीं जानते थे इसलिए उसकी मदद नहीं कर सके। उनकी आंखों के सामने वह डूब रहा था वह कुछ भी नहीं कर सके। वह मदद के लिए चिल्लाए लेकिन वहां कोई नहीं था। बाद में उन्होंने पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक वह डूब चुका था।
5 घंटे के बाद उतराता मिला शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एसएएफ जवान को तलाशने के लिये अभियान चलाया। गोताखोर भी उतारे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। 5 घंटे के बाद डैम में स्पॉट से कुछ दूरी पर उतराता दिखा। जिस पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। सोमवार की दोपहर परिजन के आने के बाद जवान का अंतिम संस्कार हुआ है।
पुलिस बोली
इस मामले में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि 13 बटालियन का जवान अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने मोहना ककैटो बांध गया था। नहाते समय वह गहराई में चला गया और उसकी पानी में डूबकर मोत हो गयी है। फिलहाल शव को बाहर निकालकर मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

