दिल्ली में बंद रहेंगे कई रास्ते और मेट्रो स्टेशन, 25-26 जनवरी के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
नई दिल्ली. 26 जनवरी की तैयारी अंतिम चरण में है। राजधानी दिल्ली में रिपब्लिक डे परेड को लेकर जवानों पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी भारत पहुंच चुके हैं। इधर दिल्ली पुलिस ने रिपब्लिक डे परेड को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दरअसल 26 जनवरी के मौके पर परेड को लेकर दिल्ली में कई रास्ते बंद किए जाते हैं। ऐसे में लोगों को कम से कम असुविधा हो इसके लिए दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में लोगों को उन जगहों और रास्तों से बचने की सलाह दी गई है जो कर्तव्य पथ को जोड़ती हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस का परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किला मैदान तक जाएगी। सुबह 9.30 बजे इंडिया गेट पर गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम भी होगा।
विजय चौक से इंडिया गेट के कर्तव्य पथ तक नो एंट्री
दिल्ली पुलिस ने बताया कि परेड जिस रास्ते से होकर गुजरेगी उन रास्ते में हर तरफ से आने-जाने वाला ट्रैफिक बंद रहेगा। दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक 25 जनवरी की शाम 6 बजे से 26 जनवरी की सुबह परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट के कर्तव्य पथ पर किसी भी तरह के ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन रास्तों पर क्रॉस ट्रैफिक की परमिशन नहीं
25 जनवरी की रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर परेड खत्म होने तक कर्तव्य पथ पर कोई क्रॉस ट्रैफिक को परमिशन नहीं दी जाएगी। ऐसे में मंदिर मार्ग की ओर जाने के लिए यात्री मदरसा, लोधी रोड टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड-धौला कुआं वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड से जा सकते हैं।
दक्षिण दिल्ली से रेलवे स्टेशन आने वाले ये रास्ता चुने
दक्षिण दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए लोग रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, राजघाट, चौक यमुना बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग, छत्ता रेल और कौड़िया ब्रिज ले सकते हैं। ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक दिल्ली गेट, हनुमान मंदिर (यमुना बाजार), छत्ता रेल चौक, शांति वन, टी-प्वाइंट सुभाष मार्ग और जीपीओ (कश्मीरी गेट) से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

