ढाई वर्ष पहले दोस्ती और प्यार, शादी तय होने पर प्रेमी ने की प्रेमिका हत्या
ग्वालियर. एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है। वह उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था। उसे इस बात का भी गुस्सा था कि शादी तय होते ही प्रेमिका ने उससे बातचीत बन्द कर दी थी। 2 साल 6 महीने तक चला लव अफेयर इस तरह से खत्म होने से वह बौखला गया था। 20 जनवरी की दोपहर 1.45 बजे आरोपी समीर कुशवाह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। वहां युवती ने उसे वापिस जाने के लिये कह दिया। यही बात समीर को नागवार गुजरी। वह मानने को तैयार नहीं हुआ। जो लड़की कभी उससे मिलने के लिये दीवार फांदकर आती थी। वहीं अब उससे बात तक नहीं करना चाहती।
गुस्से में उसने पास ही पड़े हंसिये से निशा के गले पर वार कर दिया। तड़पती हुई निशा से उसने गुस्से में पूछा कि जब मुझे छोड़ना ही था तो वह प्यार का नाटक क्यों कर रही थी । वह तब तक वहीं खड़ा रहा, जब तक निशा की सांसें थम नहीं गयी।
ढाई वर्ष पहले दोस्ती और फिर हुआ प्यार
गिरवाई थाना इलाके स्थित छोटे बाबा की पहाड़ी निवासी निशा कुशवाह 21, की उसके पड़ोसी युवक समीर कुशवाह से दोस्ती थी। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। लगभग ढाई वर्ष पूर्व उनकी दोस्ती प्यार में बदल गयी और दानों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थी। इस दौरान निशा के माता पिता ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया। समीर बेरोजगार था। जिस वजह से निशा के परिजन उसे पसंद नहीं करते थे। माता-पिता के दबाव में निशा ने भी शादी के लिये हां कर दी। शादी की तारीख 20 अप्रैल तय हो गयी थी। परिवार में शादी की तैयारी शुरू हो गयीथी। ऐसे में समीर से निशा दूरी बनाने लगी थी। यही बात समीर को नागवार गुजरी थी। वह लगातार उससे बात करने की कोशिश करता रहा। लेकिन निशा हर बार उसे नजर अन्दाज करने लगी। इससे उसका गुस्सा बढ़ता चला गया।

