ग्वालियर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कंधे पर सिलेंडर रखकर पहुंचे विधायक
ग्वालियर. ग्वालियर में रसोई गैस की बढ़ी कीमतों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस फूलबाग चौराहे पर धरना दे रही है। कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार कंधे पर सिलेंडर रखकर धरना स्थल पर पहुंचे। विधायक ने कहा- भाजपा सरकार गरीबों की कमर तोड़ रही है। भाजपा को जनता आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी।
लगातार बढ़ती महंगाई और आसमान छूते गैस सिलेंडर के दाम से आम लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है। सिलेंडर अब ग्वालियर में लगभग 1200 रुपए का हो गया है। यही कारण है कि ग्वालियर कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में शहर के फूलबाग पॉइंट पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। रविवार सुबह से कांग्रेस तंबू लगाकर फूलबाग पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस आंदोलन में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीनू व अन्य पदाधिकारी मौजूद थी, लेकिन धरना प्रदर्शन में माहौल उस समय बना जब कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार धरना स्थल पर पहुंचे। वह अपने कंधे पर सिलेंडर लेकर पैदल चलते हुए धरना स्थल तक पहुंचे। उनका यह अंदाज सबसे जुदा था। यही कारण था कि उनके वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। यहां कांग्रेस के नेता भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर बरसे हैं। महंगाई के लिए भाजपा की निंकुश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

