ग्वालियर पूर्व, ग्वालियर व डबरा में चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने मांगी अर्द्धसैनिक बल की 20 कंपनियां
ग्वालियर. अंचल की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है इसमें ग्वालियर पूर्व, ग्वालियर और डबरा विधानसभा सीट शामिल है। यहां चुनाव कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने चुनाव आयोग से होमगार्ड व एसएएफ जवानों के अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बल की 20 कंपनियां मांगी है हालांकि चुनाव आयोग की तरफ से जवाब नहीं आया है कि वह कितना बल उपलब्ध कराएगा। यह 2018 में 6 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए मांगे गए बल के बराबर है। अधिक संख्या में बल की मांग पर पुलिस अधिकारियों का तर्क है कि उपचुनाव विषम परिस्थितियों में हो रहे है।
राजनीति का केंद्र भी इन दिनों ग्वालियर बना हुआ है
जिला पुलिस बल की त्यौहार में व्यस्तता अधिक होगी इसके अलावा राजनीति का केंद्र भी इन दिनों ग्वालियर बना हुआ है। अंचल में 16 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को मतदान व 10 नवंबर को मतगणना होना है, नामांकन दाखिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। चुनावी गतिविधियां तेज हो गई है, ऐसे में पुलिस व जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव है, कानून व्यवस्था बनाने के लिए पूरे जिले में बल की जरूरत पड़ेगी क्योंकि तीनों विधानसभा अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं से जुड़ी है। ग्वालियर दक्षिण और पूर्व में तो सड़क की एक पट्टी दक्षिण में है तो दूसरी पूर्व में है। ऐसे में फर्क करना मुश्किल है। मतदान केंद्र पूर्व में 200 मीटर की सीमा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में है इसलिए बल तो पिछले चुनाव के बराबर ही लगेगा।

