गर्मी के मौसम में पीले एवं गंदे पानी के वितरण की शिकायत नहीं मिलना चाहिए -प्रशासक
ग्वालियर शहर में कहीं भी गर्मी के मौसम में पीला व गंदा पानी नहीं आना चाहिए। इसके लिए जो भी इंतजाम आवश्यक हैं उन्हें समय रहते पूर्ण किया जाए। पीले पानी की शिकायत न मिले, इसके लिए आवश्यक हो तो तकनीकी राय लेकर उस पर भी अमल किया जाए। संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक एमबी ओझा ने नगर निगम आयुक्त एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बुधवार को मोतीझील एवं तिघरा प्लांट के साथ.साथ तिघरा जलाशय का भी निरीक्षण कर उक्त निर्देश जारी किए हैं।
नगर निगम प्रशासक ने कहा कि हर वर्ष गर्मी के दिनों में पीले पानी की शिकायत मिलती है इस वर्ष यह शिकायत न मिले, इसके लिए निगम समय रहते सभी प्रबंध सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम होने से पीले पानी की शिकायत मिलती है। पानी में ऑक्सीजन की मात्रा निर्धारित मात्रा में उपलब्ध रहे, इसके लिए एरिएटर पर्याप्त मात्रा में लगाए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि तिघरा जलाशय से मोतीझील प्लांट तक आने वाले पानी को अगर आवश्यक हो तो रास्ते में एक टैंक बनाकर रोका जाए, ताकि ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ सके। निगम आयुक्त को कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव भी तैयार किया जाए।
संभागीय आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि दोनों फिल्टर प्लांट पर भी पर्याप्त मात्रा में एरिएटर लगाए जाएं। इसके साथ ही मोतीझील में भी लगाए गए एरिएटर नियमित कार्य करें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पानी के वितरण के समय पीएचई विभाग के सब इंजीनियर अपने.अपने क्षेत्र में अनिवार्यतरू भ्रमण करें, यह भी सुनिश्चित किया जाए। भ्रमण न करने पर संबंधित सब इंजीनियर के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई भी निगम कमिश्नर करे।
निगम आयुक्त श्री माकिन ने यह भी कहा कि पीएचई विभाग के साथ.साथ निगम के अन्य अधिकारी भी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पानी के वितरण की व्यवस्था की भी मॉनीटरिंग करेंगे। पीएचई विभाग के अधीक्षण यंत्री श्री आर एल एस मौर्य ने बताया कि पीएचई विभाग द्वारा तिघरा एवं मोतीझील प्लांट पर जल शुद्धिकरण के कार्य को और बेहतर किया गया है। इस वर्ष शहर में कहीं भी गंदे एवं पीले पानी की शिकायत नहीं मिलेगी, यह भी सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा दोनों प्लांटों के साथ.साथ सभी टैंकों की सफाई का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। दोनों प्लांटों पर 24 घंटे विभागीय अधिकारियों के साथ.साथ कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

