BJP प्रचार रथ पर हमला, आजाद समाज पार्टी समर्थकों ने फाड़े बैनर, चालक से गाली-गलौज, FIR दर्ज
दतिया. उपचुनाव दतिया विधानसभा चुनाव के प्रचार रथ के रविवार की शाम जिगना थाना इलाके के उदगंवा में बीजेपी के चुनाव प्रचार वाहन के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आयी है। यह आरोप है कि आजाद समाज पार्टी के समर्थकों ने प्रचार वाहन को रोककर उस पर लगे बैनर और होर्डिंग्स फाड दिये है। ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक भोपाल के बेरसिया निवासी जितेन्द्र कुशवाह टाटा छोटा हाथी वाहन नंबर एमपी04एलडी 5597 से बीजेपी का चुनाव प्रचार कर रहे थे। यह वाहन रिटर्निंग अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र-22 दतिया से विधिवत अनुमति प्राप्त था।
प्रचार वाहन सिकंदरा से लौट रहा था
रविवार शाम करीब 5:15 बजे सिकंदरा से प्रचार कर लौटते समय उदगंवा के मंडी गेट के सामने वाहन पहुंचा। उसी समय वहां आजाद समाज पार्टी की चुनावी सभा समाप्त हुई थी और समर्थकों की भीड़ बाहर निकल रही थी। शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने वाहन रुकवाया, चालक से अभद्रता की और वाहन पर लगे भाजपा के सभी फ्लैक्स व होर्डिंग्स फाड़ दिए। चालक ने करीब 2500 रुपए के नुकसान की बात कही है। घटना के बाद चालक ने जिगना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

