केन्द्रीय कर्मचारियों के 3% महंगाई भत्ते में हुई बढ़ोत्तरी, दीपावली से पूर्व 50 से बढ़कर 53 % हुआ
नई दिल्ली. केन्द्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) में 3% बढ़ोत्तरी की गयी है। बुधवार 16 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में DA c बढ़ाने का फैसला किया गया।
दीपावाली से पहले हुई इस बढ़ोत्तरी के बाद महंगाई भत्ता 50 से बढ़कर 53% हो गया है। इसका लाभ लगभग 49.18 लाख केन्द्रीय कर्मचारियों और 64.89 लाख पेंशनर्स को होगा। डीए हर 6 माह में बढ़ता है। बढ़ा हुआ DA 1 जुलाई 2024 से लागू किया गया है। यानी कर्मचारियों को 3 माह का एरियर भी मिलेगा।
महंगाई से निपटने के लिए दिया जाता है DA
महंगाई भत्ता ऐसा पैसा है जो महंगाई बढ़ने के बावजूद सरकारी कर्मचारियों के जीवन स्तर को बनाए रखने के लिए दिया जाता है। यह पैसा सरकारी कर्मचारियों, पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों और पेंशनधारकों को मिलता है। इसका कैलकुलेशन देश की मौजूदा महंगाई के अनुसार हर 6 महीने पर किया जाता है। इसकी गणना संबंधित वेतनमान के आधार पर कर्मचारियों के मूल वेतन के अनुसार की जाती है। महंगाई भत्ता शहरी, अर्ध-शहरी या ग्रामीण क्षेत्र के कर्मचारियों का अलग-अलग हो सकता है।
10,000 बेसिक सैलरी पर 330 रुपए का फायदा
इसके लिए नीचे लिखे फॉर्मूला में अपनी सैलरी भरें..(बेसिक पे + ग्रेड पे) × DA% = DA अमाउंट
आसान भाषा में समझें तो बेसिक सैलरी में ग्रेड सैलरी को जोड़ने के बाद जो सैलरी बनती है, उसमें महंगाई भत्ते की दर का गुणा किया जाता है। जो नतीजा आता है, उसे ही महंगाई भत्ता यानी डियरनेस अलाउंस (DA) कहा जाता है। अब इसे एक उदाहरण से समझते हैं, मान लीजिए आपकी बेसिक सैलरी 10 हजार रुपए और ग्रेड पे 1000 रुपए है।
दोनों को जोड़ने पर टोटल 11 हजार रुपए हुआ। ऐसे में बढ़ने के बाद 53% महंगाई भत्ते के लिहाज से देखें, तो यह 5,830 रुपए हुआ। सबको जोड़कर आपकी टोटल सैलरी 16,830 रुपए हुई। वहीं 50% DA के लिहाज से आपको 16,500 रुपए सैलरी मिल रही है। यानी 3% DA बढ़ने के बाद हर महीने 330 रुपए का फायदा होगा।

